फाल्गुनी मेले से पहले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खाटूश्यामजी में पुलिस ने सघन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने होटल, ढाबों और आसपास के संदिग्ध ठिकानों पर रेड कर 13 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 7 बिना नंबर और संदिग्ध हालत में मिली बाइक जब्त की गईं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मेले से पहले असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से की गई। जांच के दौरान कुछ होटल और ढाबों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, जहां संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
पुलिस ने होटल संचालकों और ढाबा मालिकों को भी सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना पहचान पत्र के किसी को ठहराया न जाए और सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू हालत में रखें। इसके साथ ही पुलिस ने साफ किया कि फाल्गुनी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आने वाले दिनों में भी लगातार चेकिंग और निगरानी अभियान जारी रहेगा।





