जयपुर राजस्थान में सर्दी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में तापमान -7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जिससे खुले इलाकों और खेतों में बर्फ जमने की स्थिति बन गई है। मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण महज एक दिन में पारे में करीब 10 डिग्री की भारी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के साथ एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में देखने को मिल रहा है। इसके चलते आगामी 24 से 48 घंटों में कई जिलों में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने का अलर्ट भी जारी किया गया है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।
चूरू, सीकर, बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में शीतलहर का असर तेज हो गया है। बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, वहीं किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।





