सनी देओल स्टारर बहुप्रतीक्षित वॉर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त धमाका कर दिया है। 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर शानदार कमाई करते हुए रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिला, जिसका असर सीधे कलेक्शन पर पड़ा।
सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने पहले दिन करीब 30 करोड़ रुपये का घरेलू कारोबार किया है। इससे पहले 5 दिसंबर को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने ओपनिंग डे पर 28 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यही नहीं, ‘बॉर्डर 2’ ने बीते साल की टॉप फिल्मों में शामिल ‘सैयारा’ को भी पीछे छोड़ दिया है।
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है और 1971 के भारत-पाक युद्ध पर आधारित है। सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की दमदार अदाकारी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। वीकेंड और गणतंत्र दिवस की छुट्टी का फायदा मिलने से फिल्म की कमाई में और उछाल आने की उम्मीद है।





