प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपनी फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी स्कूल के समय की एक अनदेखी तस्वीर ने सबका ध्यान खींच लिया है। यह तस्वीर तब की है जब प्रियंका अमेरिका में पढ़ाई कर रही थीं और 9वीं क्लास में थीं। तस्वीर में वह अपनी कक्षा में टेबल पर बैठी मुस्कुराती नजर आ रही हैं। सफेद ओवरशर्ट और काले टैंक टॉप में प्रियंका का यह सादगी भरा लुक फैंस को काफी पसंद आ रहा है। इस फोटो को उनकी एक स्कूलमेट ने शेयर किया है, जिसने साथ में यह भी बताया कि प्रियंका ने वहीं अपना फ्रेशमैन ईयर शुरू किया था। तस्वीर पर कई पुराने दोस्तों के कमेंट आए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा एक कमेंट, जो प्रियंका के एक्स-बॉयफ्रेंड का था। उसने दावा किया कि वे दोनों उस समय डेट करते थे और प्रियंका के गले में जो नेकलेस दिखाई दे रहा है वह उसी ने दिया था।
तस्वीर वायरल होने के बाद फैंस के बीच प्रियंका के स्कूल लाइफ को लेकर नई जिज्ञासा पैदा हो गई है। यह भी सामने आया कि प्रियंका को स्कूल के दिनों में बास्केटबॉल खेलना बेहद पसंद था और वह इंडियाना पेसर्स टीम की फैन थीं। बरेली में जन्मी प्रियंका ने भले ही बाद में भारत लौटकर मॉडलिंग व अभिनय की शुरुआत की, लेकिन उनका यह अमेरिकन स्कूल टाइम आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।





