ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं। एस. एस. राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘ग्लोबल ट्रोटर’ से प्रियंका चोपड़ा का पहला लुक जारी हो चुका है। इस लुक में प्रियंका साड़ी में पहाड़ों के बीच बंदूक थामे हुए नजर आ रही हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि इस फिल्म में देसी गर्ल का एक्शन अवतार देखने को मिलेगा। फैंस उनके इस दमदार लुक को देखकर बेहद उत्साहित हैं। फिल्म में प्रियंका पहली बार साउथ सुपरस्टार महेश बाबू के साथ नजर आएंगी, और यह जोड़ी दर्शकों के लिए एक नया अनुभव होगी। राजामौली ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि वह महिला जिसने भारतीय सिनेमा को ग्लोबल मंच पर पहुंचाया, उनका स्वागत है ‘मंदाकिनी’ के रूप में। यह बयान और प्रियंका का यह लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यूजर्स इस पोस्टर की तारीफ करते नहीं थक रहे और इसे भारतीय सिनेमा का नया ग्लोबल लेवल बताते हुए प्रियंका के कमबैक को ‘ऐतिहासिक’ करार दे रहे हैं। फिल्म ‘ग्लोबल ट्रोटर’ पैन इंडिया स्तर पर रिलीज की जाएगी और माना जा रहा है कि यह बाहुबली और कांतारा जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ सकती है। प्रियंका के इस नए किरदार ने दर्शकों में उत्सुकता और उम्मीदें दोनों ही बढ़ा दी हैं।





