पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुए भीषण बम विस्फोट ने खेल जगत में हलचल मचा दी है। इस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद श्रीलंका की क्रिकेट टीम के खिलाड़ी दहशत में आ गए हैं। टीम फिलहाल पाकिस्तान दौरे पर है, जहां उन्हें तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। विस्फोट रावलपिंडी के नजदीक हुआ है, जहां सीरीज के बाकी मुकाबले होने हैं। श्रीलंकाई टीम के कुछ खिलाड़ियों ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से तुरंत दौरा रद्द करने की मांग की है। हालांकि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने संकेत दिए हैं कि वह सीरीज को तय कार्यक्रम के अनुसार ही जारी रखना चाहता है। सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान ने 6 रन से जीत दर्ज की थी, जबकि दूसरा मैच गुरुवार को खेला जाना है। इस घटना ने 2009 में हुए उस दर्दनाक हमले की यादें ताजा कर दी हैं, जब लाहौर में श्रीलंकाई टीम की बस पर आतंकियों ने हमला किया था। उस हमले के बाद करीब एक दशक तक कोई भी विदेशी टीम पाकिस्तान नहीं गई थी। अब फिर से सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं और सीरीज का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है।





