बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को आखिरकार ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने के कारण अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। डॉक्टरों की लगातार निगरानी में रहने के बाद उनकी हालत में सुधार देखने को मिला, जिसके बाद परिवार ने उन्हें घर पर ही इलाज कराने का फैसला लिया। बुधवार सुबह अभिनेता के बेटे बॉबी देओल अस्पताल पहुंचे और एंबुलेंस में धर्मेंद्र को लेकर घर लौटे। बताया गया है कि डॉक्टर प्रतीत समदानी, जो धर्मेंद्र का इलाज कर रहे थे, उन्होंने सुबह 7:30 बजे उन्हें डिस्चार्ज किया। धर्मेंद्र पिछले कई हफ्तों से कभी अस्पताल में भर्ती हो रहे थे तो कभी घर लौट रहे थे। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कुछ समय के लिए वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया था। धर्मेंद्र के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। उनकी डिस्चार्ज की खबर से देशभर के फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। वहीं, उनकी मौत की अफवाह फैलने पर हेमा मालिनी और ईशा देओल ने मीडिया को गैर-जिम्मेदाराना बताया था।





