लंबे इंतजार के बाद आखिरकार ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। सनी देओल की दमदार वापसी वाली इस फिल्म में उनके साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी नजर आ रहे हैं। रिलीज के साथ ही देशभर के सिनेमाघरों में पहले शो को देखने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही सिनेमाघरों के बाहर देशभक्ति के नारे और फिल्म के गानों की गूंज सुनाई दी।
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म जे.पी. दत्ता की 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। फिल्म के गाने पहले ही दर्शकों के बीच जोश भर चुके थे, और रिलीज के दिन यह उत्साह साफ नजर आया। हालांकि, पहला शो देखने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रहीं।
कुछ दर्शकों ने फिल्म के वॉर सीन्स और बैकग्राउंड म्यूजिक की तारीफ की, वहीं कई यूजर्स का कहना रहा कि फिल्म में वह गहराई और भावनात्मक जुड़ाव नहीं दिखा, जो पहली ‘बॉर्डर’ की पहचान थी। कुछ लोगों ने इमोशनल सीन को बनावटी बताया, जबकि कहानी को कई जगह धीमा कहा गया। कुल मिलाकर, ‘बॉर्डर 2’ ने देशभक्ति का माहौल तो बनाया, लेकिन हर दर्शक को पूरी तरह संतुष्ट नहीं कर पाई।





