ओला, उबर और रैपिडो जैसे ऐप-बेस्ड कैब प्लेटफॉर्म से जुड़े गिग ड्राइवरों ने आज देशभर में छह घंटे की सांकेतिक हड़ताल का ऐलान किया है। ड्राइवर यूनियनों के अनुसार यह हड़ताल न्यूनतम किराया तय करने और प्लेटफॉर्म कंपनियों के नियमों को सख्त बनाने की मांग को लेकर की जा रही है।
ड्राइवरों की पहली मांग है कि कैब सेवाओं के लिए एक न्यूनतम किराया तय किया जाए, ताकि उन्हें हर राइड पर सम्मानजनक आमदनी मिल सके। यूनियन का आरोप है कि प्लेटफॉर्म कंपनियां मनमाने तरीके से किराया घटा-बढ़ा रही हैं, जिससे ड्राइवरों की कमाई लगातार कम हो रही है।
दूसरी मांग में ड्राइवरों ने प्लेटफॉर्म की पॉलिसी में पारदर्शिता और नियमों को सख्त करने की बात कही है। उनका कहना है कि इंसेंटिव, कमीशन और अकाउंट सस्पेंशन जैसे मामलों में कंपनियां एकतरफा फैसला लेती हैं।
हड़ताल के चलते दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और जयपुर जैसे कई बड़े शहरों में कैब सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को आज कैब मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ड्राइवर यूनियन ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।





