जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बर्फबारी ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार देर रात सोनमर्ग पर्यटन स्थल पर भीषण हिमस्खलन हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बर्फ के इस तूफान को देखकर वहां मौजूद लोग सहम गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भारी हिमपात के चलते जम्मू–श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है, वहीं श्रीनगर हवाई अड्डे से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इससे सड़क और हवाई यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। कई पर्यटक अलग-अलग इलाकों में फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह हिमस्खलन मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग रिसॉर्ट क्षेत्र में रात करीब 10 बजे हुआ। बचाव दल और प्रशासन मौके पर तैनात हैं तथा बर्फ हटाने का काम लगातार जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बर्फबारी की चेतावनी देते हुए अलर्ट जारी किया है। लोगों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।





