राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। देर रात प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि सुबह
होते-होते घना कोहरा छा गया। कई जिलों में विजिबिलिटी घटकर मात्र 30 मीटर तक रह गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।
कोहरे के कारण सुबह के समय हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। कई स्थानों पर स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह बदलाव देखने को मिला है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज 12 जिलों में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। किसानों को फसलों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि अचानक बारिश और ओले रबी फसलों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
वहीं ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सर्दी का असर फिर से बढ़ गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने और कोहरे में धीमी गति से चलने की अपील की है।





